Search

 
 
 

CM हेमंत सोरेन ने नगर विकास व सड़क योजनाओं की समीक्षा की, समय पर काम पूरा करने का निर्देश

Ranchi News: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के काम और उनके लागू होने की स्थिति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का काम बेहतर गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए. हेमंत सोरेन ने योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने और काम में किसी तरह की देरी नहीं होने देने पर जोर दिया.
 
मीटिंग की फोटो

Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग के कामकाज की समीक्षा की. बैठक में रांची के ट्रैफिक, सड़क, ड्रेनेज, वेंडर मार्केट, पार्क और शहर की सुंदरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क बनाने के साथ ही ड्रेनेज की व्यवस्था भी जरूरी है. सड़क और नाली का डिजाइन एक साथ तैयार किया जाए, ताकि बारिश में पानी जमा न हो. जिन इलाकों में जलजमाव की समस्या है, वहां तकनीकी जांच कर ड्रेनेज व्यवस्था को ठीक करने का निर्देश दिया गया.

इसे भी पढ़ें - 

 

बैठक में रांची के ट्रैफिक को लेकर भी कई निर्देश दिए गए. शहर की सड़कों पर बने अनावश्यक कट को चिन्हित कर बंद करने को कहा गया. वाहनों के लिए सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था चौक-चौराहों से करने का निर्देश दिया गया.

 

शहर में चलने वाली बसों का पूरा डेटा भी तैयार किया जाएगा. इसमें बसों की संख्या, रूट और समय-सारणी की जानकारी शामिल होगी. इसके आधार पर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना तैयार की जाएगी.

 

मुख्यमंत्री ने हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि ठेला, गुमटी और दूसरे छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को व्यवस्थित जगह दी जाए. वेंडरों को हटाने के बजाय उनकी आजीविका का ध्यान रखते हुए बेहतर वेंडिंग व्यवस्था तैयार की जाए. इससे सड़क किनारे लगने वाले बाजार और जाम की समस्या कम हो सकेगी.

 

लटकते तारों पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई. बिजली, टेलीकॉम और दूसरे केबल को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए. पेड़ों पर लटक रहे बेकार तारों को हटाने और इस्तेमाल हो रहे तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने को कहा गया.

 

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की भी पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते समय लोगों के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराने को कहा गया.

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रांची के साथ राज्य के दूसरे बड़े शहरों का भी सुनियोजित विकास किया जाए. शहरों को अलग-अलग जोन में बांटकर वहां की आबादी और जरूरत के हिसाब से विकास की योजना तैयार की जाए. सड़क, ट्रैफिक, ड्रेनेज, सफाई, कचरा प्रबंधन, पार्क, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक परिवहन को एक साथ ध्यान में रखकर काम करने को कहा गया.

 

मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं की नियमित निगरानी और तय समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही