Ranchi News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार सुबह 9 बजे अपनी मां स्व रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को लेकर रांची से पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) के लिए रवाना होंगे. दोपहर 12 बजे गांव में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं
मां के निधन से मर्माहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना दर्द साझा किया. उन्होंने एक बेहद भावुक पोस्ट में लिखा, "बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं. आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं. सीएम हेमंत सोरेन के लिए यह क्षण बेहद हृदयविदारक है. पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद, अब मां का आंचल भी उनके सिर से उठ गया है.
नेमरा में उमड़ेगा जनसैलाब
दोपहर 12 बजे होने वाले अंतिम संस्कार को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने नेमरा में सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. दिवंगत रूपी सोरेन को नम आंखों से अंतिम विदाई देने और मुख्यमंत्री को सांत्वना देने के लिए राज्य सरकार के मंत्री, पक्ष-विपक्ष के विधायक, अधिकारी और हजारों झामुमो कार्यकर्ता सुबह से ही नेमरा पहुंचेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

