Search

 
 
 

CM योगी ने कहा, अवैध धर्मांतरण कराने वालों को बक्शेंगे नहीं, राष्ट्र-विरोधी तत्वों को नष्ट करेंगे

सीएम ने कहा, वह कैसा कालखंड रहा होगा जब औरंगजेब जैसा क्रूर और बर्बर शासक रहा हो. उस समय हर जगह से अत्याचार के समाचार आते थे. औरंगजेब का उद्देश्य था कि सनातन धर्म को समाप्त किया जाये.
 

Lucknow : अवैध धर्मांतरण कराने वालों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जायेगा. अनुसूचित जाति के लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा है. हम सबको तोड़ने की साजिश हो रही है. भय और लालच देकर धर्मांतरण कराया जा रहा है. देश का स्वरूप बदलने की कोशिश हो रही है. ऐसी गतिविधियों को कभी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जायेगी.

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अवैध धर्मांतरण और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए यह बात कही. सीएम योगी ने आज अपने सरकारी आवास पर श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा का फूल बरसा कर स्वागत किया. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए गुरू तेग बहादुर महाराज ने शहादत दी थी.  

 

इस क्रम में सीएम ने कहा, वह कैसा कालखंड रहा होगा जब औरंगजेब जैसा क्रूर और बर्बर शासक रहा हो. उस समय हर जगह से अत्याचार के समाचार आते थे. औरंगजेब का उद्देश्य था कि सनातन धर्म को समाप्त किया जाये.  वह इस्लामीकरण के अभियान को लेकर आगे बढ़ा था. उसे गुरू तेग बहादुर महाराज ने चुनौती दी थी. 

 


योगी आदित्यनाथ ने अवैध धर्मांतरण को लेकर बलरामपुर से गिरफ्तार छांगुर बाबा की ओर इशारा किया. कहा कि     भय और लालच के जरिए अनुसूचित जातियों का धर्मांतरण कराया जा रहा है. इसके लिए विदेशों से फंडिंग की जा रही है. 100 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन छांगुर बाबा के 40 खातों में होने की जानकारी सामने आयी है. 

 


इससे पहले बुधवार को भी योगी आदित्यनाथ ने जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को लेकर कहा था, हमने बलरामपुर में एक जल्लाद को गिरफ्तार किया, जो महिलाओं की गरिमा के साथ खेलता था. वो हिंदू बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करता था. ऐसे राष्ट्र-विरोधी, असामाजिक तत्वों को हम नष्ट करेंगे.    
 
 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही