Ranchi : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) के रविंद्र नाथ टैगोर सभागार में गुरुवार को ‘कोड जैम 2026’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया. बीसीए विभाग के मार्गदर्शन में ‘कोडर्स हब DSPMU’ की ओर से आयोजित इस मेगा टेक इवेंट में विश्वविद्यालय के BCA, B.Sc. IT, MCA और B.Sc. Electronics विभागों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर के अध्यक्षीय संबोधन के साथ हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन को व्यक्तित्व और सफलता का अहम हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोडिंग में एक सेमीकोलन (;) छूट जाने से पूरा प्रोग्राम काम करना बंद कर सकता है, उसी तरह जीवन में ज्ञान के साथ अनुशासन भी जरूरी है. किसी भी कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने की नींव अनुशासन पर ही टिकी होती है.
कुलपति ने विद्यार्थियों के नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और तकनीकी दौर में केवल किसी कार्य को पूरा कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे दूसरों की तुलना में बेहतर गुणवत्ता के साथ करना भी जरूरी है.
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अकादमिक और सामाजिक दायित्वों के साथ-साथ तकनीकी रूप से भी सक्षम बनाया जाए. इस तरह के आयोजन इसी उद्देश्य का हिस्सा हैं.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल में लगातार वृद्धि करनी चाहिए. इसके बाद बीसीए विभाग की समन्वयक डॉ. नमिता लाल और सहायक प्राध्यापक डॉ. सैयद जाफर अब्बास ने विद्यार्थियों को संबोधित किया.
प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया गया. इसमें विद्यार्थियों की कोडिंग क्षमता, समस्या समाधान, टीमवर्क और एआई कौशल को परखा गया. प्रतियोगिता के तीन चरणों में डीबगिंग चैलेंज, एआई इमेज जेनरेशन और डीएसए शोडाउन शामिल रहे. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता में अनस आलम ने प्रथम, मनीष कुमार गंजू ने द्वितीय और युवराज सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया. सभी विजेताओं को कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर और को-ऑर्डिनेटर डॉ. नमिता लाल ने ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान कर सम्मानित किया.
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. धर्मराज कुमार ने सभी प्रतिभागियों और ‘कोड जैम 2026’ के आयोजकों के प्रति आभार जताया. मौके पर डॉ. जीसी बास्के, डॉ. धर्मराज कुमार समेत आयोजन को सफल बनाने वाले विद्यार्थी मौजूद रहे. यह जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

