Search

 
 
 

झारखंड में रक्त विकार से जूझ रहे मरीजों की बढ़ी चिंता, स्वास्थ्य मंत्री से मांगी मदद

Ranchi News : मरीजों को हर महीने दो से तीन यूनिट तक खून की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा कई मरीजों को दूसरे राज्यों से जरूरी दवाएं मंगानी पड़ती हैं. इन दवाओं पर हर महीने 10 से 15 हजार रुपये तक खर्च होने की बात संगठन ने कही. बोन मैरो ट्रांसप्लांट, जांच, इलाज, दवा और ऑपरेशन का खर्च भी परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है.
 
मरीजों ने स्वास्थय मंत्री से मांगी मदद

Ranchi News : थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों की समस्याओं को लेकर रांची में बैठक हुई. झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल एनीमिया-हीमोफीलिया-अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन और लहू बोलेगा रक्तदान संगठन की कोर ग्रुप बैठक में मरीजों की परेशानियों पर चर्चा की गई.

 

बैठक में 20 अगस्त को रांची के होटल केन में हुई राज्यस्तरीय कार्यशाला की भी समीक्षा की गई. संगठन ने कहा कि इन गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों को हर महीने कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

 

मरीजों को हर महीने दो से तीन यूनिट तक खून की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा कई मरीजों को दूसरे राज्यों से जरूरी दवाएं मंगानी पड़ती हैं. इन दवाओं पर हर महीने 10 से 15 हजार रुपये तक खर्च होने की बात संगठन ने कही. बोन मैरो ट्रांसप्लांट, जांच, इलाज, दवा और ऑपरेशन का खर्च भी परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है.

 

संगठन के अनुसार, मरीजों के परिवारों में बड़ी संख्या गरीब, मजदूर और किसान परिवारों की है. बीमारी के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. वहीं, दिव्यांगता से जुड़े अधिकारों की जानकारी भी मरीजों और उनके परिवारों में बहुत कम है.

 

संगठन ने सरकार से इन मरीजों के लिए पेंशन और अन्य सुविधाएं देने की मांग की है. साथ ही झारखंड में इन बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या का सर्वे कराने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की मांग की गई है. संगठन का कहना है कि कई परिवारों में दो से तीन बच्चे भी इन बीमारियों से पीड़ित बताए जा रहे हैं.

 

स्वास्थ्य मंत्री से जल्द कार्रवाई की मांग

संगठन ने कहा कि 9 दिसंबर 2025 को झारखंड विधानसभा के सत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने एक महीने के अंदर इन मुद्दों पर काम करने की बात कही थी. संगठन का दावा है कि करीब नौ महीने बीतने के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ है. संगठन ने स्वास्थ्य मंत्री से मरीजों और उनके परिवारों की समस्याओं पर जल्द ध्यान देने की मांग की है.

 

सितंबर में होगा रक्तवीर सम्मान समारोह

बैठक में तय किया गया कि सितंबर में रांची में जिला स्तरीय रक्तवीर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इसमें करीब 125 रक्तदाताओं, रक्तदान शिविर आयोजित करने वालों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य रक्तदाताओं को सम्मानित किया जाएगा.

 

बैठक की अध्यक्षता रक्तवीर नदीम खान ने की. इस दौरान संजय टोप्पो, देवकी देवी, संजय महतो, फरिहाया बिलकिस, सुजाता कुमारी, सुरंजन बाड़ा, तेजलाल महतो, गोस्वामी, मौलाना तहसीन सहित कई लोग मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही