Ranchi News: झारखंड में छात्रों का आंदोलन खत्म होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने खुशी जताई है. कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना लोकतंत्र के लिए अच्छी बात है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि आंदोलन खत्म कराने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार की पहल की अहम भूमिका रही. उन्होंने झारखंड के छात्रों की ओर से राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को बधाई और धन्यवाद दिया.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों की समस्याओं को उठाते रहे हैं. उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है. युवाओं के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए.
राकेश सिन्हा ने कहा कि सरकार ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान निकालने की कोशिश की है. आंदोलन का खत्म होना संघर्ष की हार नहीं, बल्कि बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान की जीत है.
उन्होंने कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों से किए गए वादों और आश्वासनों को समय पर पूरा किया जाए. JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और भरोसे के साथ कराई जानी चाहिए.
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि झारखंड के युवाओं का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है. कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ खड़ी रहेगी कि योग्य छात्रों को उनका अधिकार मिले और गड़बड़ी या भ्रष्टाचार के कारण किसी के भविष्य को नुकसान न हो.
उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि छात्रों की एकजुटता ने सरकार का ध्यान भर्ती परीक्षाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों की ओर खींचा. कांग्रेस आगे भी छात्रों की जायज मांगों और उनके भविष्य के लिए आवाज उठाती रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

