Ranchi News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. जिनकी अपनी बनियान में छेद ही छेद हैं, उन्हें दूसरों के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले अपने दामन की चिंता करनी चाहिए.
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा दूसरों को नैतिकता और जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले अपने नेताओं से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब दे. उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड और एपस्टीन फाइल से जुड़ी सार्वजनिक चर्चाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
इसे भी पढ़ें-
https://lagatar.in/high-court-acquits-former-sail-section-officer-in-bribery-case-sets-aside-cbi-courts-conviction
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगना या उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होना दोषी होने का प्रमाण नहीं है. कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है. अब जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा में अब न्यायपालिका की भूमिका भी राजनीतिक नेता निभाने लगे हैं? क्या भाजपा के प्रमाणपत्र से ही किसी को दोषी या निर्दोष घोषित किया जाएगा? उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले भाजपा नेताओं की ओर से राजनीतिक बयानबाजी करना और खुद ही फैसला सुनाना उचित नहीं है.
सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष जांच के पक्ष में है. कानून सबके लिए समान होना चाहिए. किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना से निशाना बनाया जाना चाहिए. उन्होंने आदित्य साहू से कहा कि पहले जांच पूरी होने दीजिए, उसके बाद फैसला अदालत को करने दीजिए, भाजपा मुख्यालय को नहीं.
बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधायक भूषण बाड़ा की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की. उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले पर चुप्पी तोड़ने को कहा. साहू ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
