Search

 
 
 

मतदाता सूची समय सीमा बढ़ाने सहित सचिवालय में पत्रकारों की एंट्री पर बोले कांग्रेस प्रभारी के. राजू

झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने सोमवार को रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता की. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की समय सीमा बढ़ाने की मांग और राज्य सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर अपनी बात रखी. प्रेसवार्ता की शुरुआत में पत्रकारों ने बताया कि पिछले 12 से 15 दिनों से राज्य सचिवालय में मीडिया के प्रवेश पर रोक लगी हुई है.
 

Ranchi: झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने सोमवार को रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता की. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की समय सीमा बढ़ाने की मांग और राज्य सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर अपनी बात रखी.

 

प्रेसवार्ता की शुरुआत में पत्रकारों ने बताया कि पिछले 12 से 15 दिनों से राज्य सचिवालय में मीडिया के प्रवेश पर रोक लगी हुई है. इस पर के. राजू ने कहा कि उन्होंने किसी दूसरे राज्य में ऐसी स्थिति नहीं देखी है. उन्होंने कहा कि सरकार की बातें जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है, इसलिए उन्हें सचिवालय में प्रवेश मिलना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिया कि इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे और इसकी वजह जानेंगे.

 

के. राजू ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के नेतृत्व में पार्टी के विधायकों ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) से मुलाकात की. इस दौरान 29 जुलाई को खत्म हो रही मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया की समय सीमा 15 दिन बढ़ाने की मांग की गई.

 

उन्होंने कहा कि अभी बड़ी संख्या में मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटाइजेशन और मैपिंग बाकी है. ऐसे में जल्दबाजी में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने पर कई लोगों को परेशानी हो सकती है.

 

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से यह भी मांग की कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान गांवों में ग्राम सभा आयोजित की जाए. इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि कौन वास्तविक मतदाता है, किसकी मृत्यु हो चुकी है, कौन गांव छोड़ चुका है और किन नामों की दोबारा एंट्री है. के. राजू ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है.

 

उन्होंने कहा कि कई राज्यों में वयस्क आबादी और मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर है. उनका कहना था कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और सभी को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए.

 

के. राजू ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ मतदाता सूची ठीक कराना नहीं है. पार्टी इस अभियान के जरिए बूथ, गांव, प्रखंड और जिला स्तर पर अपने संगठन को भी मजबूत कर रही है. कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की मदद कर रहे हैं और उनसे सीधा संपर्क बना रहे हैं. इससे आने वाले समय में जनता के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी.

 

प्रेसवार्ता में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, डॉ. तौसीफ, प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह, सोशल मीडिया चेयरपर्सन गजेंद्र सिंह सहित कई नेता मौजूद थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही