Ranchi: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाला गया. इसमें राज्य के सभी जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया. मार्च की शुरुआत डोरंडा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई.
कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सहप्रभारी भूपेंद्र मरावी, अवनीश काजला और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मार्च में शामिल हुए. मार्च पुराने हाईकोर्ट और हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया.
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है. यह प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है. उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है. कांग्रेस इस लड़ाई में हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी.
इसे भी पढ़ें -
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का जनसंकल्प है. आज संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह जनता के बीच जाकर संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करे. उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा.
मार्च में आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, धीरज प्रसाद साहू, डॉ. इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निशात आलम, प्रदीप बलमुचू, अंबा प्रसाद, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय, शहजादा अनवर, रमा खलखो, राजीव रंजन प्रसाद, कुमार राजा, रवि मिश्रा, स्टीफन मरांडी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

