Search

 
 
 

झारखंड के आर्थिक विकास पर कांग्रेस का मंथन, 11 नवंबर को होगा ‘थिंक-2029’

Ranchi News : इसमें पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों के साथ झारखंड के विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी. संगोष्ठी का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है.
 
झारखंड के आर्थिक विकास

Ranchi News : झारखंड के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं को लेकर 11 नवंबर को रांची में ‘थिंक-2029’ के तहत विशेष व्याख्यान व नीति संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा.

 

 

इसमें पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों के साथ झारखंड के विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी. संगोष्ठी का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है.

 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कांग्रेस भवन में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के.

 

राजू 11 नवंबर को झारखंड दौरे पर आएंगे. दोनों नेता ‘थिंक-2029’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे.संगोष्ठी में झारखंड की खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा.

 

इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और पेशेवरों की विकास प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा.प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस’ है. ‘थिंक-2029’ के माध्यम से झारखंड के पेशेवरों को गंभीर चिंतन के लिए एक मंच दिया जा रहा है, ताकि वे राज्य के लिए एक मजबूत आर्थिक नीति का सुझाव दे सकें. इन सुझावों को पार्टी की ओर से झारखंड सरकार के समक्ष रखा जाएगा.

 

उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में युवाओं के सशक्तीकरण, औद्योगिक विकास और एमएसएमई क्षेत्र के विस्तार की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी. इसमें दिल्ली और मुंबई से रिसर्चर, अर्थशास्त्री और पॉलिसी मेकर भी शामिल होंगे. उनका उद्देश्य राज्य की आर्थिक चुनौतियों और संभावनाओं के आधार पर व्यावहारिक सुझाव तैयार करना है.

 

महिला सशक्तीकरण पर भी होगा कार्यक्रम

 केशव महतो कमलेश ने बताया कि 11 नवंबर को ही शाम चार बजे फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल्स और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तीकरण पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मधु गौड़ यास्खी और के. राजू भी शामिल होंगे.

 

11 नवंबर को 11:30 बजे पहुंचेंगे दोनों नेता

 प्रदेश कांग्रेस महासचिव और मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि के. राजू और मधु गौड़ यास्खी 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां दोनों नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा. कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद 12 नवंबर को सुबह आठ बजे दोनों नेता हैदराबाद के लिए रवाना होंगे.

 

संवाददाता सम्मेलन में कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह और गौरव आनंद उपस्थित थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही