Search

 
 
 

विक्रम शर्मा हत्याकांड में SP का खुलासा- रेकी के बाद झारखंड से पहुंचे थे शूटर

अपराधी विक्रम शर्मा की देहरादून में सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है. जांच में यह बात सामने आई है.
 

Ranchi : कुख्यात अपराधी विक्रम शर्मा की हत्या मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने करीब 10 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी और लगातार इलाके की रेकी कर रहे थे. योजना के तहत शूटर झारखंड से फ्लाइट के जरिए उत्तराखंड पहुंचे और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया.

 

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस का मानना है कि हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी और आरोपियों ने रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया.

 

फिलहाल पुलिस झारखंड कनेक्शन समेत पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और जल्द ही मामले में अहम खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.

 

मानगो में रची गई हत्या की साजिश 

बताया जा रहा है कि हत्या की साजिश मानगो में रची गई थी. जुलाई 2025 में विक्रम शर्मा का भाई अरविंद शर्मा अपने सहयोगी प्रभात से मिलने मानगो पहुंचा था, जिसके बाद हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया गया. 

 

जांच में यह भी सामने आया है कि बाद में कुछ अन्य अपराधियों और गैंग से जुड़े लोगों को भी इस साजिश में शामिल किया गया. जमशेदपुर में विक्रम शर्मा के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को भी हत्या की संभावित वजहों में माना जा रहा है.

 

हरिद्वार से किराए पर ली गई थीं गाड़ियां

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि हमलावरों ने हरिद्वार से एक बाइक और एक स्कूटी किराए पर ली थी. हत्या की वारदात को अंजाम देने में इन्हीं वाहनों का इस्तेमाल किया गया.

 

अपराधियों के हरिद्वार में छिपे होने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि आरोपी घटना के बाद हरिद्वार में ही छिपे हो सकते हैं. वे हरिद्वार से  निकलने की कोशिश भी करेंगे.

 

ऐसे में पुलिस की टीमें लगातार उस इलाके में दबिश दे रही है.  आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है.


अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.


संपत्ति विवाद एंगल भी जांच के दायरे में

विक्रम शर्मा के करीबियों के मुताबिक, उसका अपने भाई अरविंद शर्मा के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. अरविंद शर्मा फिलहाल काशीपुर में रहता है और उसका पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है.

 

बताया जाता है कि सोनारी के कारोबारी अशोक शर्मा की हत्या मामले में उसके खिलाफ लाल वारंट जारी की गई थी. पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच कर रही है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही