- आरोपी घटना के समय था नाबालिग
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने 42 साल पुराने एक हत्या मामले में अहम फैसला सुनाते हुए अपीलार्थी अनिल भगत की हत्या के तहत दोषसिद्धि को तो बरकरार रखा है. लेकिन उसकी आजीवन कारावास (सश्रम उम्रकैद) की सजा को रद्द कर दिया है. कोर्ट ने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि घटना के समय वह नाबालिग था.
क्या है पूरा मामला
अभियोजन के अनुसार, यह घटना अप्रैल 1984 की है. गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रबल गांव निवासी सूचक फागा भगत के पुत्र विष्णु भगत 25 अप्रैल 1984 की शाम गांव के अखाड़े गए थे. रात करीब 9 बजे गांव के ही सबियाल उरांव ने सूचना दी कि अनिल भगत और ईश्वर लकड़ा विष्णु को अखाड़े से अनिल के घर ले गए हैं और उसे मारने की बात कह रहे हैं.
सूचक जब अनिल भगत के घर पहुंचे, तो देखा कि उनका बेटा आंगन में पड़ा है. आरोप है कि ईश्वर लकड़ा उसका गला दबा रहा था और अनिल भगत उसके सीने व पेट पर चढ़कर उसे कुचल रहा था. शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी भाग निकले. घायल विष्णु को घर लाकर पारंपरिक इलाज दिया गया, लेकिन अगले दिन यानी 26 अप्रैल 1984 की शाम करीब 6 बजे अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के पहुंचने पर 27 अप्रैल को फर्दबयान दर्ज किया गया.
गुमला के अपर सत्र न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई के बाद 30 सितंबर 1996 को अनिल भगत को भादवि की धारा 302/34 के तहत दोषी करार दिया और 1 अक्टूबर 1996 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
इसे भी पढे़ं -
इस फैसले के खिलाफ दायर अपील के लंबित रहने के दौरान, 28 अप्रैल 2026 को हाईकोर्ट की एक समन्वय पीठ ने आदेश पारित कर अपीलार्थी को घटना के समय नाबालिग घोषित किया था.
अंतिम सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने पाया कि वर्तमान में अपीलार्थी की उम्र लगभग 60 वर्ष हो चुकी है. सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले में न्यायिक सिद्धांतों का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि इस अवस्था में उसे रिमांड होम भेजना उचित नहीं होगा.
हाईकोर्ट ने दोषसिद्धि को सही ठहराते हुए 1 अक्टूबर 1996 के सजा के आदेश को निरस्त कर दिया. इसके साथ ही अपील को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए निचली अदालत का रिकॉर्ड वापस भेजने और सभी लंबित आवेदनों का निष्पादित करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


