Search

 
 
 

परिसीमन बिल पर BJP का साथ देने पर शरद पवार गुट पर भड़की कांग्रेस, याद दिलाया राज्यसभा चुनाव का एहसान

Lagatar Desk: परिसीमन बिल पर केंद्र की बीजेपी सरकार को समर्थन देने के फैसले पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार और सुप्रिया सुले को घेरा है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दोनों नेताओं को मार्च 2026 के राज्यसभा चुनाव में दिए गए अपने समर्थन की याद दिलाई है, जिससे महा विकास अघाड़ी (MVA) में तकरार बढ़ गई है.
 
शरद पवार और सुप्रिया सुले

Lagatar Desk : परिसीमन बिल पर शरद पवार द्वारा केंद्र को समर्थन देने के बाद महा विकास अघाड़ी (MVA) में दरार गहराती दिख रही है. महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर कर शरद पवार और सुप्रिया सुले पर निशाना साधा है. पार्टी ने दोनों नेताओं को मार्च 2026 के राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए दिए गए समर्थन की याद दिलाई है. 

 

 

 

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव का समर्थन याद दिलाया

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस पार्टी ने 85 वर्ष की उम्र में शरद पवार को एक बार फिर राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक मजबूती से उनका साथ दिया था. पार्टी ने मार्च 2026 में हुई राज्यसभा की 7 सीटों के चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी/शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे. जबकि एक उम्मीदवार को जीत के लिए 36 वोटों की आवश्यकता थी. कांग्रेस ने आगे कहा कि उस वक्त कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे. 

 

इसे भी पढ़ें

राहुल-खड़गे ने छोड़ दिया था अपनी सीट का दावा

पार्टी ने आगे कहा कि जब सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा, तो राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बिना किसी हिचकिचाहट के तैयार हो गए. कांग्रेस ने बड़प्पन दिखाते हुए अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया और शरद पवार का समर्थन किया. इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) के साथ आने से महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी. 

 

कांग्रेस ने अपने पोस्ट के अंत में तीखा सवाल उठाते हुए लिखा कि और अब क्या? परिसीमन कानून की पृष्ठभूमि में, वही शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी एनसीपी (शरदचंद्र पवार) अब बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं. कांग्रेस के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर गठबंधन की एकजुटता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

 

बता दें कि महाराष्ट्र के राजनीतिक गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) में मुख्य रूप से तीन बड़ी पार्टियां हैं. इनमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress), शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं. इसके अलावा कुछ अन्य क्षेत्रीय और वामपंथी दल भी जुड़े हुए हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही