Lagatar Desk : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल में संशोधन और संसद के आगामी सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सरकार पर हड़बड़ी में फैसले लेने और महिलाओं का भी राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है. पप्पू यादव ने परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर विपक्ष की सीटों को कम करने और अपनी सीटों को बढ़ाने का आरोप लगाया है.
#WATCH | पटना, बिहार | पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने संसद के आगामी विशेष सत्र पर कहा, "ये सरकार हमेशा हड़बड़ी में रहती है। महिला आरक्षण बिल कांग्रेस और भाजपा की सहमति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में बहुत पहले ही पास हो चुका है। NDA गठबंधन की सरकार थी और राष्ट्रपति के पास बिल पास करवाकर हस्ताक्षर के लिए भेज दिए गए। कांग्रेस चाहती है कि महिलाओं को बराबरी का सम्मान मिले लेकिन भाजपा महिलाओं का भी राजनीतिकरण करना चाहती है। हम तो भाजपा से आग्रह करेंगे कि यदि आप इतनी हड़बड़ी में हैं तो महिला बिल में OBC-अनुसूचित जाति और पिछड़ी जातियों को आरक्षण दे दीजिए... अत्यंत पिछड़ी जाति को आप आरक्षण क्यों नहीं देते?... परिसीमन का जो विषय है, उसका आधार क्या है? सीट बढ़नी चाहिए, सीट बढ़ेगी लेकिन आप 50 प्रतिशत सीटों को बढ़ाने की बात करते हैं लेकिन उसकी संख्या का आधार क्या होगा? दक्षिण आपके एजेंडे में नहीं है। हिंदी पट्टी में सीटों को बढ़ाते हुए आपने असम, जम्मू-कश्मीर में भी परिसीमन किया... आपने वहां अपने विरोधियों की सीटों को अलग-थलग कर दिया और अपनी सीटों की संख्या को बढ़ा दिया। पूरे देश में जब नाराजगी है तब आपने जल्दबाजी में इस तरह के बिल को लाने की साजिश रची है। ये जनबल को खत्म करने, लोकसभा सीट को चोरी करने की साजिश है। आप जरूर परिसीमन लाएं। आधार, भारत की जनसंख्या, विपक्ष की सहमति के साथ लाएं लेकिन आप ED, CBI का डर दिखाकर पार्टियों को तोड़ रहे हैं..."
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 28, 2026
OBC, SC और EBC के लिए अलग से आरक्षण की मांग
सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हमेशा हड़बड़ी में रहती है. उन्होंने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और भाजपा की सहमति से यह बिल बहुत पहले ही पास हो चुका था और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के लिए भेजा गया था.
पप्पू यादव ने कांग्रेस के पक्ष में बोलते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं को बराबरी का सम्मान देना चाहती है. साथ ही भाजपा पर महिलाओं के मुद्दे पर भी राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया. उन्होंने सरकार से महिला आरक्षण बिल में ओबीसी (OBC), अनुसूचित जाति (SC) और अत्यंत पिछड़ी जातियों (EBC) के लिए अलग से आरक्षण की मांग की है.
इसे भी पढ़ें
परिसीमन के आधार और नीयत पर उठाए सवाल
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद ने परिसीमन के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आप सीटों को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की बात कह रहे हैं. उन्होंने सवाल पूछा कि सीटों की संख्या का आधार क्या होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में दक्षिण भारत नहीं है और वह केवल हिंदी पट्टी में सीटें बढ़ाने पर ध्यान दे रही है. उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर के परिसीमन की बात करते हुए भाजपा पर विरोधियों की सीटों को अलग-थलग करने और अपनी सीटें बढ़ाने का आरोप लगाया.
पप्पू यादव ने कहा कि जब पूरे देश में सरकार के खिलाफ नाराजगी है, तब ध्यान भटकाने के लिए जल्दबाजी में ऐसे बिल लाने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने सरकार के इस फैसले को जनबल को खत्म करने और लोकसभा सीट चोरी करने की साजिश बताया. सांसद ने स्पष्ट किया कि वे परिसीमन के खिलाफ नहीं हैं. लेकिन इसे भारत की जनसंख्या के सही आधार और विपक्ष की सहमति के साथ लाया जाना चाहिए, न कि ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर पार्टियों को तोड़कर.

