Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

जांच, वैक्सीनेशन व पाबंदियों के बावजूद कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल, 24 राज्यों में 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट

New Delhi: कोरोना की दूसरी लहर की सुनामी ने देश को घुटनों पर ला दिया है. कोरोना ने भारत में पिछले 24 घंटे में अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. अस्पताल में बेड फुल, मरीजों के लिए ऑक्सीजन नहीं और समय रहते एंबुलेंस मिलना भी मुश्किल हो गया. बुधवार को कोरोना के 412,618 नए मामले दर्ज किए गए. यह दूसरी बार है, जब देश में कोरोना केस 4 लाख के पार गए हैं. इससे पहले 30 अप्रैल को देश में कोरोना के 4,02,351 नए मामले सामने आए थे. वहीं, कोरोना से होने वाली मौतों ने भी एक नया रिकॉर्ड बनाया. पिछले 24 घंटे में 3,980 लोगों की जान चली गयी. ऐसे समय में स्वास्थ्य मंत्रालय संक्रमण से लड़ने की पूरी कोशिश कर रही है. ज्यादा संक्रमण वाले राज्यों में पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं. कोविड टीकाकरण पर फोकस किया गया है. विदेशों से मिली मदद को भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचाने की कोशिश जारी है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 12 राज्यों में एक लाख से ज्यादा, 7 राज्यों में 50 हजार से एक लाख और 17 राज्यों में 50 हजार से कम एक्टिव केस हैं. 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15 फीसदी से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है. देश में कोरोना के केस हर दिन 2.4 फीसदी की दर से बढ़ रहे हैं.

विदेशों से 1.35 लाख रेमेडिसिवर डोज आ चुका है भारत

उधर कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए विश्व के अनेक देशों ने भारत की तरफ़ मदद के हाथ बढ़ाए हैं. विभिन्न देशों से जरूरी मेडिकल उत्पाद भारत पहुंच रहे हैं. केंद्र सरकार बिना किसी देरी के इन मेडिकल उत्पादों को राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचाने में जुटी है. भारत को विदेशों से अबतक 1765 ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर, 1760 ऑक्सीजन सिलेंडर, 7 ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट, 450 वेंटीलेटर और 1.35 लाख रेमेडिसिवर की शीशियां मिल चुकी हैं.

वैक्सीनेशन के मामले में भारत ने अमेरिका और चीन को पछाड़ा

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक, देश में टीकाकरण कवरेज 16.24 करोड़ पहुंच चुका है. भारत को यह उपलब्धि हासिल करने में 109 दिन का समय लगा. जबकि भारत की तुलना में अमेरिका को यह लक्ष्य पूरा करने में 111 दिन और चीन को 116 दिन का समय लगा था. वहीं 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना का टीका देने का अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत अब तक इस 6,71,285 लाभार्थी वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं. पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 18 से 44 साल के उम्र तक के 2.30 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ है. जबकि 24 घंटों में 18.9 लाख से अधिक वैक्सीन की खुराक दी गयी.

संक्रमण के साथ रिकवरी रेट भी तेजी से बढ़ रहा

कोरोना संक्रमण की जांच में भी तेजी आयी है. 5 मई तक 29,67,75,209 लोगों की कोरोना जांच हुई है. सिर्फ 5 मई को ही देश में 19,23,131 से अधिक नमूनों का परीक्षण किया गया था. इस बीच राहत की खबर यह भी है कि देश में हर हफ्ते रिकवरी रेट में वृद्धि ज़ारी है. 2 अप्रैल को जहां 53,816 केस रिकवर हुए थे, वहीं 9 अप्रैल को 82,596, 16 अप्रैल को 1,46,474, 23 अप्रैल को 2,33,143 और 30 अप्रैल को 3,13,424 केस रिवकर हुए. कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट आ रही है, जो राहत की बात है. हालांकि बढ़े मामलों के संदर्भ में चुनौतियां अभी भी हैं.

झारखंड के पास 5,13,193 कोविड वैक्सीन

केंद्र की ओर से राज्यों को जरूरत के मुताबिक वैक्सीन का डोज उपलब्ध कराया जा रहा है. 5 मई तक हरियाणा के पास 5,95,283 वैक्सीन डोज उपलब्ध थे. वहीं दिल्ली के पास 3,58,474, बिहार के पास 6,41,219, झारखंड के पास 5,13,193, मध्यप्रदेश के पास 8,88,619, महाराष्ट्र के पास 8,17,038 कर्नाटक के पास 4,68,467, तेलंगाना के पास 4,67,503 और तमिलनाडु के पास 3,20,723 डोज उपलब्ध थे.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही