Dhanbad : नगर निगम ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से निगम ने हीरापुर हटिया मोड़ से लेकर एसडीएम आवास होते हुए हनुमान मंदिर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया.
इस दौरान सड़क के किराने बनी दर्जनों अस्थायी दुकानों, ठेलों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. निगम की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. अभियान के दौरान निगम के अधिकारी, भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही.

अतिक्रमण अभियान चलाते नगर व पलिस अधिकारी
इस संबंध में निगम के अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण और नालियों पर कब्जे के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे बारिश के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है. साथ ही सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी. इन समस्याओं को दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
वहीं निगम की इस कार्रवाई ने स्थानीय दुकानदारों में भारी नाराजगी भी पैदा कर दी है. प्रभावित दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम खुद ही टेंडर के माध्यम से उन्हें दुकान लगाने की अनुमति देता है और बदले में उनसे भारी शुल्क वसूलता है. इसके बावजूद समय-समय पर अभियान चलाकर उनकी दुकानों को तोड़ दिया जाता है, जिससे उनका रोजगार प्रभावित होता है.
स्थानीय दुकानदार बिक्की कुमार और नीतेश कुमार ने कहा कि वे वर्षों से यहां व्यवसाय कर रहे हैं और अचानक इस तरह की कार्रवाई से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि अगर अतिक्रमण हटाना ही है तो पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी. दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें स्थायी रूप से बसाने के लिए कोई उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना डर और अनिश्चितता के अपना व्यवसाय चला सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment