Dhanbad News: दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक मिठाई बनाने वाले कारखानों में छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में मंगलवार को चिरकुंडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मिठाई निर्माण केंद्रों पर छापा मारा. यहां सड़क किनारे टेंट लगाकर मिठाइयां तैयार की जा रही थी. जांच के दौरान मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई. इसके बाद टीम ने करीब 2500 किलो लड्डू, बूंदी, काजू बर्फी समेत अन्य मिठाइयां जब्त कर नष्ट करा दीं.
इसे भी पढ़ें:
फूड इंस्पेक्टर डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में करीब दो दर्जन सदस्यों वाली टीम ने चिरकुंडा में बाबूलाल शर्मा, दामोदर महाराज और गोपाल मंडल के मिठाई निर्माण केंद्रों पर छापेमारी की. जांच में सामने आया कि मिठाइयां तैयार करने में प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था. इसके अलावा संबंधित निर्माण केंद्रों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस भी नहीं मिला.
फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है. उन्होंने बताया कि चिरकुंडा के तीन मिठाई निर्माण केंद्रों में जांच के दौरान प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल पाया गया. साथ ही वहां खाद्य सुरक्षा लाइसेंस भी नहीं था.
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं त्योहार के मौके पर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता भी बढ़ गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

