Deoghar News: देवघर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आज पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा QR स्कैनिंग के माध्यम से प्रभावी पेट्रोलिंग समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
गोष्ठी के उपरांत पुलिस सभा का आयोजन किया गया. इसमें पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याओं और कठिनाइयों को सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया.
इस अवसर पर पूर्व माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. बेहतर अनुसंधान एवं महत्वपूर्ण मामलों के निष्पादन में उल्लेखनीय कार्य के लिए एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, चितरा थाना प्रभारी प्रिय रंजन कुमार और देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सम्मानित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

