Khunti : झारखंड के खूंटी जिले के गुटजोरा पंचायत अंतर्गत जियारप्पा स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर पर बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग की है. गोलीबारी की इस घटना में पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी भी घायल हो गया है. गोली उसके पैर में लगी है. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी घटनास्थल पर PLFI और राजेश यादव के नाम का एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें
अपाचे बाइक से पहुंचे थे नकाबपोश तीन अपराधी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे अपाचे बाइक से तीन नकाबपोश अपराधी पुष्पा फ्यूल सेंटर पर पहुंचे थे. बताया जाता है कि एक अपराधी ने हेलमेट पहन रखा था. जबकि दो अन्य ने अपना चेहरा ढक रखा था. पेट्रोल पंप पहुंचने के बाद अपराधियों ने कार्यालय और केबिन को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की.
इस दौरान एक गोली पेट्रोल पंप के कर्मी के पैर में लगी. घायल कर्मी की पहचान गुमला जिले के घाघरा गांव निवासी अमित महतो के रूप में हुई है. गोली की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पेट्रोल पंप पर पर्चा छोड़कर भागे अपराधी
फायरिंग करने के बाद अपराधियों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा छोड़ा और रांची की तरफ भाग गए. पर्चे में PLFI और राजेश यादव का नाम लिखे होने की बात सामने आई है. पुलिस पर्चे में लिखी बातों और उसकी वास्तविकता की जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं. साथ ही पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. थाना प्रभारी बाबू बंशी साव के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है.

