- सूप-दउरा और मिट्टी के बर्तनों से सजे बाजार
Ranchi News : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. पर्व को लेकर राजधानी के बाजारों में रौनक बढ़ रही है.बकरी बाजार, मोरहाबादी, जिला स्कूल,अपर बाजार समेत विभिन्न चौक-चौराहों पर छठ पूजा की सामग्री की दुकानें सज गई हैं.
सुबह से ही बाजारों में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है.लोग सूप, दउरा, मिट्टी के चूल्हे, दीये, ढक्कन, कोसी, हाथी और धूपदानी समेत अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं.
छठ पूजा की तैयारी में जुटीं बबिता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है. आज नहाय-खाय के दिन घरों में कद्दू-भात और चने की दाल बनाने की परंपरा है. इसके लिए विशेष साफ-सफाई और शुद्धता का ध्यान रखा जाता है.
अरवा चावल का भात, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाकर भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाया जाता है. इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करते हैं.
उन्होंने बताया कि सूप और दउरा खरीदते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. सामान कहीं से टूटा-फूटा या खराब नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस तरह पूजा में शुद्धता जरूरी है, उसी तरह पूजन सामग्री भी साफ-सुथरी होनी चाहिए.
उन्होंने बताया कि कुछ दुकानदार सूप और अन्य सामग्री को स्वच्छ पानी से धोकर बेच रहे हैं, जबकि कई जगह बिना साफ किए ही सामान बेचा जाता है.खरीदारी के दौरान गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है.

