- बर्तन पर 40-45% तक छूट, इलेक्ट्रिक वाहनों की भी बढ़ी बिक्री
- दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए दिए आकर्षक ऑफर
Ranchi News : धनतेरस को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. कचहरी रोड, चर्च रोड और डेली मार्केट समेत प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. फूल, बर्तन, सजावटी लाइट और दोपहिया वाहनों की दुकानों पर लोग अपनी पसंद के सामान खरीदते नजर आ रहे हैं. दुकानदार भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर और डिस्काउंट दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें...
बंगाल से मंगाए गए फूल, खूंटी में कम रही आपूर्ति
कचहरी स्थित फूल बाजार में धनतेरस के मौके पर काफी भीड़ रही. फूल कारोबारी मनोज मालाकार ने बताया कि इस बार बंगाल से फूलों की बड़ी खेप मंगाई गई है. करीब 4 गाड़ियों में फूल लाए गए हैं. 20 फूलों की लरी की कीमत 500 से 600 के बीच पड़ रही है. वहीं, खूंटी जैसे क्षेत्रों में इस बार फूलों की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम की गई है.
बर्तनों पर 40-45 प्रतिशत तक डिस्काउंट
चर्च रोड में बर्तनों की करीब 60 दुकानें हैं. यहां धनतेरस को लेकर ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है. दुकानदारों ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में कुछ बर्तनों की कीमतों में 100 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. एल्युमिनियम के दाम में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
बाजार में 10 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक के बर्तन उपलब्ध हैं. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 40 से 45 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है. दुकानदार अपने बिक्री लक्ष्य को पूरा करने के लिए खरीदारी की मात्रा के अनुसार अतिरिक्त छूट भी दे रहे हैं.
कांसा 2800 की जगह 1800 रुपये में
बर्तन कारोबारियों ने बताया कि कांसे के बर्तनों के होलसेल रेट में बढ़ोतरी हुई है. इसके बावजूद ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कुछ सामान पर छूट दी जा रही है. डिब्बाबंद सामान पर भी डिस्काउंट ऑफर उपलब्ध हैं. पीतल के बर्तनों के थोक भाव में भी तेजी आई है.
लाइट की 50 से अधिक दुकानें, 20-30 रुपये बढ़े दाम
डेली मार्केट में सजावटी लाइट की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ है. कारोबारी साजिद ने बताया कि बाजार में झालर और लड़ी समेत 7-8 तरह की लाइटें उपलब्ध हैं. इनकी कीमत 50 से 500 रुपये तक है. बाजार में करीब 50-60 दुकानें है. इस बार लाइटों की कीमतों में 20 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है.
दोपहिया वाहनों की खरीदारी में भी तेजी
धनतेरस पर दोपहिया वाहनों की मांग भी बढ़ गई है. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए जीरो डाउन पेमेंट पर वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं. सेल्स मैनेजर विक्की सिंह ने बताया कि 160 सीसी से 440 सीसी तक के वाहन उपलब्ध हैं. इलेक्ट्रिक वाहनों में 75 से 140 किलोमीटर तक की रेंज वाले मॉडल भी हैं. इनकी कीमत करीब 60 हजार से 1.80 लाख रुपये तक है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

