Lagatar Desk : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो खोल दी है. जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, वे 10 से 12 नवंबर तक अपने आवेदन पत्र में निर्धारित विवरणों में संशोधन कर सकते हैं.
सुधार की अंतिम तिथि 12 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा.एनटीए ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाकर अपने आवेदन पत्र में आवश्यक बदलाव कर सकते हैं.
यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी. इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और सहायक प्रोफेसर की पात्रता, सहायक प्रोफेसर की पात्रता के साथ पीएचडी में प्रवेश तथा केवल पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता प्रदान की जाएगी.
इन विवरणों में नहीं कर सकेंगे बदलाव
एनटीए के निर्देश के अनुसार अभ्यर्थी अपने मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, स्थायी और वर्तमान पते, अपलोड की गई फोटो और हस्ताक्षर में कोई बदलाव नहीं कर सकेंगे.वहीं, उम्मीदवार अपने नाम, पिता के नाम और माता के नाम में से केवल किसी एक विवरण में संशोधन कर सकेंगे.
इन विवरणों में कर सकेंगे सुधार
अभ्यर्थियों को जन्म तिथि, लिंग, श्रेणी, उप-श्रेणी/PwBD, स्नातक और स्नातकोत्तर की शैक्षणिक जानकारी तथा परीक्षा के विषय में बदलाव करने की अनुमति दी गई है. इसके अलावा अभ्यर्थी आवेदन के दौरान चुने गए परीक्षा शहरों के चारों विकल्पों में भी संशोधन कर सकते हैं. परीक्षा शहर का चयन पंजीकरण के समय दिए गए स्थायी और वर्तमान पते के आधार पर होगा.
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि करेक्शन विंडो की सुविधा केवल एक बार मिलेगी. आवेदन में संशोधन करने और उसे सबमिट करने के बाद फॉर्म फ्रीज हो जाएगा. इसके बाद दोबारा सुधार का अवसर नहीं दिया जाएगा.
यदि श्रेणी या PwBD की स्थिति में बदलाव के कारण आवेदन शुल्क बढ़ता है, तो अभ्यर्थियों को अतिरिक्त शुल्क जमा करना होगा. भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है. शुल्क में कमी होने या अतिरिक्त भुगतान किए जाने की स्थिति में राशि वापस नहीं की जाएगी. अतिरिक्त शुल्क वाले संशोधन तभी मान्य होंगे, जब भुगतान सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा.
आवेदन में सुधार से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा csirnet@nta.ac.in पर ई-मेल भी भेज सकते हैं.अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि से पहले अपने आवेदन पत्र की सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें.