Lagatar Desk: क्या देश में लोगों ने पीएम मोदी की अपील के बाद सच में सोना खरीदना बंद अथवा कम कर दिया था. क्या वाकई में प्रधानमंत्री ने सोना नहीं खरीदने की अपील कर व्यापारियों को नुकसान से बचाया. ये सवाल सोना के कारोबार जगत से लेकर राजनीतिक और आम लोगों के बीच तेजी से उठ रहे हैं. साथ ही प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. दरअसल सोने की कीमतों में आई गिरावट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी सलाह को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने उनकी तारीफ की है. CTI ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आभार जताया है.
सीटीआई ने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह ने लाखों जौहरियों, व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचाया, क्योंकि सोने की कीमत 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, यानी इसमें 65 लाख रुपये प्रति किग्रा की कमी आई. साथ ही, यह भी कहा गया कि सोने की कीमतों में आई इस गिरावट से मौजूदा शादी-ब्याह के सीजन में परिवारों को काफी राहत मिली है.
CTI की तारीफ पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को कहा कि इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोना नहीं खरीदने की अपील ने व्यापारियों को नुकसान से बचाया तथा इस अपील को ‘‘डेथ वारंट’’ और ‘‘घबराहट पैदा करने वाला’’ बताने के लिए विपक्षी कांग्रेस से माफी की मांग की.
इसे भी पढ़ें:
भाजपा के प्रवक्ता की यह प्रतिक्रिया चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखे जाने के बाद आई है. भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लोगों से सोना खरीदने को टालने की अपील की, तो कांग्रेस ने इसे ‘‘डेथ वारंट’’ करार दिया था. उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट आने से, प्रधानमंत्री मोदी की सलाह मानने वाले व्यापारियों को प्रति किग्रा सोना खरीदने पर 65 लाख रुपये की बचत हुई. व्यापारी संगठनों ने आज प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है.’’
कांग्रेस ने कहा, श्रेय लेने में वे सबसे आगे हैं
कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने पीएम मोदी के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "इस देश में श्रेय लेने में वे सबसे आगे रहते हैं. यह बाज़ार की हलचल है, बाज़ार का तरीका है. आपने तो सोना न ख़रीदने की अपील इसलिए की थी कि आपके पास डॉलर नहीं बचे हैं."
कांग्रेस नेता और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रमुख श्रीनिवास बीवी ने एक्स पर लिखा, "वैसे मोदी जी, सोने के भाव वैश्विक होते है, किसी मुल्क के आधार पर तय नहीं होते, तो क्या आपकी अपील के बाद पूरे विश्व ने सोना खरीदना बंद कर दिया था...?"
शनिवार को पीएम मोदी ने क्या कहा था
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में शनिवार को कहा कि उनकी अपील पर लोगों ने सोना ख़रीदना कम कर दिया और लोगों ने उनकी बात मानी, जिसका उनका बड़ा फ़ायदा हुआ. पीएम मोदी ने कहा, मैंने एक साल पहले कहा था कि मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं कि एक साल के लिए अगर ज़रूरत न हो तो कृपया कर सोना मत ख़रीदिए, गोल्ड मत ख़रीदिए."
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि अगर लाल बहादुर शास्त्री ने देशवासियों से कहा था कि एक बार खाना छोड़ दें, तो देश के लोगों ने उनकी बात को माना था. देशवासियों ने मेरी बात मानी और गोल्ड के दाम टूट गए. आज देश के लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, मैंने आपकी बात मानी. मेरे पैसे बच गए."
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

