Ranchi News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न सांस्कृतिक, अकादमिक और साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा, कला व रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.
दूसरे दिन वन एक्ट, स्किट, मिमिक्री, अंग्रेजी वाद-विवाद, हिंदी वाग्मिता, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. क्विज प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इसमें करेंट अफेयर्स, इतिहास, राजनीति, गणित और अर्थशास्त्र से जुड़े सवाल पूछे गए. वहीं, अंग्रेजी वाद-विवाद में 33 और हिंदी वाग्मिता प्रतियोगिता में 27 विद्यार्थियों ने भाग लिया.
इसे भी पढ़ें:
ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में 57 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जबकि क्ले मॉडलिंग में 28 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. वन एक्ट प्रतियोगिता में विभिन्न समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. कमल बोस, डॉ. अनिल कुमार ठाकुर और डॉ. सुकुमार मुखर्जी सहित अन्य सदस्य शामिल थे.
इस दौरान कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने नए और पुराने अकादमिक भवनों में आयोजित प्रतियोगिताओं का जायजा लिया. उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव विश्वविद्यालय में सामूहिकता और आपसी समन्वय की भावना का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे से संवाद और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है. इससे उनमें एकजुटता की भावना विकसित होती है, जो व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है.
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में आयोजन समितियों के समन्वयकों, सदस्यों और निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही. यह जानकारी विश्वविद्यालय के निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

