Search

 
 
 

Dhanbad News: टुंडी में साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Dhanbad News: गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, जिनमें चार आईफोन शामिल हैं ,16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक और विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक समेत बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
 
साइबर गिरोह की जानकारी देते ग्रामीण एसपी

Dhanbad News: साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए धनबाद पुलिस ने साइबर शील्ड अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

 

गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, जिनमें चार आईफोन शामिल हैं ,16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक और विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक समेत बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं. पुलिस बरामद सामान के आधार पर साइबर अपराध के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: 

यह जानकारी गुरुवार को प्रेस वार्ता कर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने दी . उन्होंने बताया कि जिले में पिछले कुछ दिनों से साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं. इन पर अंकुश लगाने और संगठित गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर शील्ड नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया गया है.

 

ग्रामीण एसपी ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में कुछ साइबर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस अभियान में 17 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 80 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे. बड़े स्तर पर की गई इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है.

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल के अलावा देवघर जिले के दिलीप कुमार मंडल तथा कोडरमा जिले के उमेश कुमार राणा के रूप में हुई है. अलग-अलग जिलों के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में उनके आपसी संपर्क और संभावित नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी.

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लैपटॉप और 20 स्मार्टफोन व कीपैड मोबाइल बरामद किए. इनमें चार आईफोन भी शामिल हैं. इसके अतिरिक्त 16 एटीएम कार्ड, चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, 23 बैंक पासबुक, विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक, एक ई-पॉस मशीन, तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड बरामद किया गया है.

 

बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेजों की बरामदगी को देखते हुए इनकी जांच अहम होगी. जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया और क्या इस गिरोह के तार दूसरे साइबर अपराधियों से भी जुड़े हैं.

 

एसपी ने कहा कि इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) एवं 66(D) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही