- दिल्ली पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई
Giridih News : पश्चिमी दिल्ली में 21.78 लाख रुपये की साइबर ठगी मामले में झारखंड के गिरिडीह का कनेक्शन सामने आया है. पश्चिमी दिल्ली साइबर पुलिस ने गिरिडीह पुलिस के सहयोग से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गपई में छापेमारी कर सोनू वर्मा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह पुलिस ने उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, सोनू वर्मा पश्चिमी दिल्ली के साइबर थाने में दर्ज 21.78 लाख रुपये की ठगी मामले में वांछित था. पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार से संपर्क कर कांड संख्या 522/2026 में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा था. इसके बाद एसपी ने सोनू वर्मा की गिरफ्तारी के लिए साइबर इंस्पेक्टर रामेश्वर भगत के नेतृत्व में टीम गठित की.
पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर रविवार देर शाम आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद संजीव कुमार के नेतृत्व में पश्चिमी दिल्ली साइबर पुलिस की टीम गिरिडीह पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई.
शुरुआती पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि साइबर ठगी से हासिल की गई रकम कोलकाता तक पहुंचाई गई थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

