Ranchi News : झारखंड में दो दिनों से जारी बारिश के बीच अब राहत के संकेत हैं. चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ चुका है. इसके साथ ही राज्य में भारी बारिश की चेतावनी भी घट रही है. गुरुवार को छह जिलों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है. शुक्रवार से भारी बारिश की आशंका कम होगी. हालांकि, बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने का अनुमान है.
कोल्हान में सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार शाम से हुई बारिश में पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में सर्वाधिक 71.4 मिलीमीटर और पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में 64 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. चाईबासा में पिछले 24 घंटे के दौरान 60.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि राजधानी रांची में 26.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में गुरुवार को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा की आशंका है. शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन गरज-चमक और तेज हवा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
तीन दिन में चढ़ेगा पारा
बारिश का जोर घटने के साथ अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है. रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. शुक्रवार को यह 26 डिग्री और शनिवार को 28 डिग्री तक पहुंच सकता है. यानी तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री बढ़ने के आसार हैं.
हालांकि, तापमान बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा. 30 और 31 अक्टूबर को भी बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
चक्रवात कमजोर, फिर भी बारिश क्यों?
चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया. इसके और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है. लेकिन मौसम तंत्र के कमजोर होने के बाद भी उससे जुड़ी नमी और बादलों के कारण बारिश जारी रह सकती है. इसी वजह से गुरुवार को झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.