Lagatar Desk : बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान "अर्नब" आज रात 'भीषण चक्रवाती तूफान' और 27 अक्टूबर को 'अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान' में तब्दील हो जाएगा. वहीं 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले यह तूफान बापटला और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराएगा. जिसका असर बिहार में भी देखने को मिलेगा. खराब मौसम के चलते मौसम विभाग ने लोगों के साथ-साथ किसानों को सतर्क रहने सलाह दी है.
30-31 को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान
चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से पटना समेत बिहार के कई जिलों में 28 अक्टूबर से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 29 अक्टूबर से राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज चमक और आकाशीय बिजली गिर सकती है. वहीं, 30 और 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें
कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह
अक्टूबर के आखिरी दिनों में बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ सकती है. खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ कटाई के बाद खुले में रखी उपज को भी नुकसान पहुंचने का खतरा है. तेज हवाओं और बारिश के कारण कृषि कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें. वहीं आम लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें.

