Seraikela-Kharsawa : चांडिल थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास स्थित एक घर में शुक्रवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की. बदमाश पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों के गहने लूटकर फरार हो गए.
पीड़ित के पुत्र उमंग चौधरी के अनुसार, रात करीब एक बजे सात से आठ की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश बदमाश मुख्य रास्ते से घर में घुसे. अपराधियों के पास बंदूक और अन्य हथियार थे. उन्होंने हथियारों का भय दिखाकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए.
बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. लूटे गए आभूषणों की कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें
बताया जाता है कि सुरेश चौधरी पहले चांडिल बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान चलाते थे. लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने दुकान बंद कर दी थी. वर्तमान में वह आभूषण का कारोबार नहीं करते हैं. ऐसे में अपराधियों ने उनके घर को ही निशाना क्यों बनाया और क्या उन्हें घर में गहने रखे होने की पहले से जानकारी थी, यह जांच का महत्वपूर्ण विषय है.
हथियारबंद अपराधी घर में घुसकर परिवार को बंधक बना और लूटपाट कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. चांडिल थाना के बेहद नजदीक और व्यस्तम इलाके में इस तरह की वारदात होने से स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
लोगों ने बाजार और आसपास के आवासीय इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और लूटे गए आभूषण बरामद करेगी.

