Gumla News: उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बुधवार को जिले के प्रसिद्ध टांगीनाथ धाम पहुंचकर सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने धाम परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध प्राथमिक सुविधाओं, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं का हाल जाना.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने धाम परिसर में टूटे हुए पेवर ब्लॉक की मरम्मती, नियमित साफ-सफाई, बाउंड्री निर्माण सहित अन्य आवश्यक मरम्मती कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि टांगीनाथ धाम में गुमला जिले के साथ-साथ अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिसर में आवश्यक प्राथमिक सुविधाओं की उपलब्धता एवं समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को धाम परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को व्यवस्थित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि टांगीनाथ धाम जिले का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

