Ranchi News : भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के VAHAN पोर्टल पर झांखंड की 35,367 गाड़ियों की डुप्लिकेट इंट्री है. यानी भारत सरकार के इस पोर्टल पर जिला परिवहन कार्यालय, झारखंड ने एक ही गाड़ी का नंबर, चेसिस और इंजन नंबर की दोबारा इंट्री कर दी है. इससे वाहन मालिकों को ऑनलाइन सुविधा लेने में परेशानी हो रही है. झारखंड के परिवहन विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला परिवहन पदाधिकारियों पत्र लिखकर इसमें सुधार करने के निर्देश दिए हैं.
भारत सरकार के वाहन पोर्टल पर देश के सभी गाड़िय़ों का ब्योरा उपलब्ध है. सभी राज्यों को अपने-अपने राज्य में निबंधित गाड़ियों का विस्तृत ब्योरा वाहन पोर्टल पर अपलोड करना है. वाहन पोर्टल पर झारखंड की कुल 75 लाख 12 हजार 308 गाड़ियों का डिजिटल ब्योरा उपलब्ध है. राज्य के जिला परिवहन कार्यालय द्वारा वाहन पोर्टल पर डाटा अपलोड करने में की गयी गलतियों की वजह से वाहन पोर्टल पर झारखंड की 35 हजार 367 गाड़ियों के ब्योरे की डुप्लिकेट इंट्री हो गयी है. इसमें से अंतर्राज्यीय डुप्लिकेट वाहनों की संख्या 34,124 है. शेष 1243 डुप्लिकेट इंट्री राज्य के अंदर के वाहनों से संबंधित है. वाहन पोर्टल की समीक्षा के दौरान मिले इन डुप्लिकेट आंकड़ों की जानकारी केंद्रीय परिवहन मंत्रालय द्वारा दी गयी है और आवश्यक सुधार का निर्देश दिया गया है. इस निर्देश के आलोक में राज्य के परिवहन विभाग ने भी दिशा निर्देश जारी किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

