Ranchi News: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग ने दावा और आपत्ति दर्ज कराने की समय सीमा 15 दिन बढ़ा दी है. कांग्रेस ने इस फैसले का स्वागत किया है. पार्टी की ओर से पहले अवधि एक महीने बढ़ाने की मांग की गई थी.
इसे भी पढ़ें:
कांग्रेस महासचिव लालकिशोर नाथ शाहदेव और सूर्यकांत शुक्ला ने चुनाव आयोग के फैसले पर आभार जताया. उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाया है या जिनको सूची में किसी तरह की गलती दिख रही है, वे बढ़े हुए समय का इस्तेमाल कर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि एएसडीडीओ सूची में कोई कमी या गलती रह गई है, तो लोग इस दौरान अपनी आपत्ति दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने फॉर्म-7 से मिली कुल आपत्तियों की संख्या तो सार्वजनिक की है, लेकिन किस राजनीतिक दल ने कितनी आपत्तियां दी हैं, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए.
कांग्रेस ने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने को लेकर भी सवाल उठाया. नेताओं ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल के होने वाले युवाओं को मिलाकर करीब 20 लाख से अधिक नाम जुड़ने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक करीब साढ़े चार लाख आवेदन ही मिले हैं.
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए फॉर्म-6 जमा करने की समय सीमा भी बढ़ाई जानी चाहिए थी.
कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि फॉर्म-7 के तहत नाम हटाने के लिए मिले आवेदनों पर फैसला लेने से पहले संबंधित व्यक्ति और नाम हटाने का आवेदन देने वाले व्यक्ति, दोनों को बुलाकर उनका पक्ष सुना जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

