Ranchi : 108 एम्बुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की. इस दौरान कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को राज्यपाल के समक्ष विस्तार से रखा गया.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एम्बुलेंस सेवा में काम कर रहे कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है.
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर श्रम कानूनों का पालन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके अधिकार प्रभावित हो रहे हैं. सेवा से जुड़े अन्य गंभीर मुद्दों को भी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सामने रखा.
संघ की ओर से यह मांग भी की गई कि झारखंड में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा, जो फिलहाल निजी कंपनियों के माध्यम से चलाई जा रही है, उसे हरियाणा की तर्ज पर सरकारी नियंत्रण में लिया जाए. उनका कहना है कि अगर यह सेवा सरकारी व्यवस्था के तहत संचालित होगी तो इससे न केवल सेवा की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि कर्मचारियों के हितों की भी बेहतर सुरक्षा हो सकेगी.
राज्यपाल संतोष गंगवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल को निर्देश दिया कि वे अगले 15 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर अपनी सभी मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे. उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 दिनों के बाद इस मामले की प्रगति की जानकारी ली जाएगी.
राज्यपाल ने यह भी कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पहल करेंगे. इसके अलावा उन्होंने संबंधित मंत्रियों से इस मुद्दे पर चर्चा करने की बात भी कही.मुलाकात के दौरान प्रदेश मंत्री रामाशंकर प्रसाद ने एच ई सी से जुड़ी समस्याओं को भी राज्यपाल के सामने रखा और उनके समाधान की मांग की.
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के झारखंड प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश मंत्री रामाशंकर प्रसाद, रांची जिला मंत्री सुबोध कुमार यादव, अंशु मुंडा और झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी तथा कोषाध्यक्ष कुणाल बनर्जी मौजूद रहे.
108 Ambulance Service, Employees, Various Issues: Meeting with Santosh Gangwar on behalf of the Indian Workers' Union
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Leave a Comment