Ranchi News: रिम्स में गुरुवार को डिस्लिपिडेमिया विषय पर CME का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन Association of Medical Biochemists of In India के झारखंड चैप्टर ने किया. कार्यक्रम का उद्घाटन रिम्स निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा ने किया. कार्यक्रम में रिम्स के डीन डॉ. राजीव मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, डॉक्टर और PG छात्र शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
CME में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने डिस्लिपिडेमिया यानी शरीर में कोलेस्ट्रॉल और अन्य वसा की मात्रा बढ़ने से जुड़ी समस्या के बारे में जानकारी दी. इसमें बीमारी की जांच, इलाज और शरीर के अलग-अलग अंगों पर इसके असर के बारे में चर्चा हुई.
फार्माकोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आभा ने कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली नई दवाओं और उनके इस्तेमाल के बारे में बताया. मेडिसिन विभाग के अपर प्राध्यापक डॉ. अभय कुमार ने इन दवाओं के संभावित साइड इफेक्ट की जानकारी दी.
डॉ. क्षितिज ने डिस्लिपिडेमिया के मस्तिष्क पर पड़ने वाले असर के बारे में बताया. वहीं डॉ. प्रज्ञा पंत ने किडनी पर इसके प्रभाव की जानकारी दी. बायोकेमिस्ट्री विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने लिपिड प्रोफाइल जांच और उसकी रिपोर्ट को समझने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया.
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में PG छात्रों ने डिस्लिपिडेमिया से जुड़े विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए. इसके बाद MD छात्रों के लिए वैज्ञानिक क्विज का आयोजन किया गया. क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
रिम्स निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम PG छात्रों के ज्ञान को बढ़ाने में मदद करते हैं. उन्होंने कहा कि नई वैज्ञानिक जानकारी से डॉक्टरों को मरीजों को बेहतर इलाज देने में मदद मिलेगी. उन्होंने AMBI के झारखंड चैप्टर के प्रयासों की भी सराहना की.
AMBI के झारखंड चैप्टर का गठन हाल ही में डॉ. संतोष कुमार के प्रयास से हुआ है. चैप्टर की ओर से नियमित रूप से CME और अन्य शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
झारखंड मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. विमलेश सिंह ने इस CME के लिए 2 क्रेडिट आवर्स दिए हैं.
कार्यक्रम के आयोजन में बायोकेमिस्ट्री विभाग के फैकल्टी, सीनियर रेजिडेंट, PG छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. डॉ. बेला, डॉ. तारिक, डॉ. अनुपा, डॉ. मुकेश, डॉ. शिशिर, SR डॉ. निवेदिता, डॉ. आशा, डॉ. मृदुला और डॉ. श्वेता समेत सभी PG छात्रों ने आयोजन में सहयोग किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

