Search

 
 
 

परिसीमन से आदिवासियों का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में पड़ेगा: ग्लैडसन डुंगडुंग

सामाजिक कार्यकर्ता ग्लैडसन डुंगडुंग ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों की सभी सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित की जानी चाहिए, उन्होंने झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों का गठन जनसंख्या के आधार पर नहीं, बल्कि आदिवासियों के ऐतिहासिक संघर्ष,पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और ब्रिटिश शासन के खिलाफ लंबे आंदोलन के आधार पर हुआ है.
 
ग्लैडसन डुंगडुंग
  • बोले- आरक्षित सीटें घटने से कमजोर होगी आदिवासी राजनीति

Ranchi: झारखंड में परिसीमन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं शुरू हो गई है. क्योंकि राज्यों में लोकसभा और राज्यसभा की सीटें बढ़ाने की संभावना है. सामाजिक कार्यकर्ता ग्लैडसन डुंगडुंग ने कहा है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से झारखंड में आदिवासियों की राजनीतिक पहचान पर असर पड़ सकता है. आदिवासियों के प्रतिनिधित्व और संवैधानिक अधिकारों पर संकट पैदा हो सकता है. यह केवल निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का मामला नहीं, बल्कि आदिवासियों के राजनीतिक विस्थापन का सवाल है. 

सामाजिक कार्यकर्ता ग्लैडसन डुंगडुंग ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों की सभी सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित की जानी चाहिए, उन्होंने झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों का गठन जनसंख्या के आधार पर नहीं, बल्कि आदिवासियों के ऐतिहासिक संघर्ष,पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और ब्रिटिश शासन के खिलाफ लंबे आंदोलन के आधार पर हुआ है.


अनुसूचित जिला अधिनियम 1874, भारत सरकार अधिनियम 1919 और 1935 में भी इन क्षेत्रों को विशेष दर्जा दिया गया था. संविधान के अनुच्छेद 244(1) के तहत पांचवीं अनुसूची में इनके प्रशासन और संरक्षण की व्यवस्था की गई है.

इसे भी पढ़ें - 

 

2007 में विरोध के बाद टला था परिसीमन

उन्होंने बताया कि 2001 की जनगणना के आधार पर प्रस्तावित परिसीमन में झारखंड की 5 लोकसभा एसटी आरक्षित सीटों को घटाकर 4 और विधानसभा की 28 सीटों को घटाकर 22 करने का प्रस्ताव था. आदिवासी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के व्यापक विरोध के बाद 2008 में परिसीमन अधिनियम में संशोधन कर इस प्रक्रिया को रोक दिया गया था.

 

विस्थापन और बाहरी आबादी को बताया जिम्मेदार

डुंगडुंग ने कहा कि एचईसी, टाटा, बीएसएल, बड़े बांधों और खनन परियोजनाओं के कारण आदिवासियों का बड़े पैमाने पर विस्थापन हुआ. जमीन से बेदखली और रोजगार के लिए पलायन ने आदिवासी आबादी का अनुपात प्रभावित किया, जबकि औद्योगिक विकास के साथ बाहरी आबादी का आगमन बढ़ा. ऐसे में जनसंख्या आधारित परिसीमन आदिवासियों के साथ अन्याय होगा.

 

परिसीमन के पांच बड़े खतरे गिनाए

उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन से विधानसभा में आदिवासी आरक्षित सीटें घट सकती हैं. इससे आदिवासी नेतृत्व और मुख्यमंत्री बनने की राजनीतिक संभावनाएं कमजोर होंगी. आदिवासी राजनीति का प्रभाव घटेगा और पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों के संरक्षण पर भी संकट पैदा होगा. इसके अलावा सीएनटी-एसपीटी एक्ट जैसे भूमि सुरक्षा कानूनों में बदलाव की आशंका बढ़ेगी तथा आदिवासी जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर बाहरी कब्जे का खतरा भी गहरा सकता है.

 

अनुसूचित क्षेत्रों में 100% आरक्षण की मांग

डुंगडुंग ने संविधान के अनुच्छेद 330(2) और 332(3) में संशोधन कर अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासियों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को विशेष संरक्षण देने की मांग की. उन्होंने पेसा कानून की धारा 4(जी) की भावना के अनुरूप लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों की सीटें शत-प्रतिशत एसटी के लिए आरक्षित करने की बात कही.


उन्होंने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर आदिवासी समाज को एकजुट होकर अपने संवैधानिक अधिकार, जमीन, पहचान और राजनीतिक अस्तित्व की रक्षा के लिए आगे आना होगा. जनसंख्या के यांत्रिक आधार पर परिसीमन आदिवासियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में और हाशिये पर धकेल सकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही