Ranchi: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है. परिषद ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील झारखंड सरकार से की है.
ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए अब CBI जांच आवश्यक हो गई है. उन्होंने कहा कि जांच के लिए गठित SIT में बार-बार बदलाव किए जाने से उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों के बीच जांच को लेकर विश्वास कायम करना मुश्किल है.
परिषद ने JSSC CGL परीक्षा की शुचिता को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों के मद्देनजर इसे तत्काल प्रभाव से रद्द करने की भी मांग की है. ABVP का कहना है कि परीक्षा की विश्वसनीयता पर संदेह उत्पन्न होने की स्थिति में विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए.
इसे भी पढ़ें -
ABVP ने कहा कि ABVP पिछले 30-31 जुलाई से लगातार आंदोलन कर रहे हैं. राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किए गए. 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल का किया गया. वहीं 11 अगस्त को ABVP के नेतृत्व में विधानसभा घेराव कर रहे विद्यार्थियों पर भी लाठीचार्ज किया गया और सैकड़ों विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया. परिषद ने दावा किया कि दूसरे जिलों से रांची आ रहे विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को भी अलग-अलग स्थानों पर रोकने का प्रयास किया गया.
परिषद ने इन घटनाओं को सरकार की छात्र विरोधी नीति का उदाहरण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और प्रशासनिक दबाव से दबाया नहीं जा सकता. ABVP ने घोषणा की कि झारखंड के विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में आने वाले दिनों में जनप्रतिनिधियों और हितधारकों से संवाद किया जाएगा. प्रत्येक जिले और परिसर में आंदोलन, प्रदर्शन एवं अभियान चलाने की बात भी कही गई है.
ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगों का समाधान करने के बजाय लगातार लाठीचार्ज और गिरफ्तारियां करना सरकार के विद्यार्थी विरोधी रवैये को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को न्याय मिलने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा.
ABVP झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे हैं. सरकार को विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय CBI से निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ABVP हर जिले और परिसर में आंदोलन जारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

