Ranchi : झारखंड पुलिस एसोसिएशन (महासंघ) के शिष्टमंडल ने 4 से 8 अगस्त तक देवघर, दुमका और रेल धनबाद का दौरा किया. प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने श्रावणी मेला-2026 में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और स्थानीय पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
देवघर में शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर श्रावणी मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों की पालीवार ड्यूटी रोटेशन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया. वहीं, उपायुक्त से मुलाकात कर हर साल मेले में आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए स्थायी आवासन की व्यवस्था करने की मांग की गई. इसके लिए 1000 बेड की क्षमता वाला भवन बनाने का प्रस्ताव रखा गया. उपायुक्त ने इस दिशा में आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया.
दुमका में पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त से मुलाकात कर बासुकीनाथ धाम में ड्यूटी करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के लिए जरमुंडी थाना परिसर में 500 बेड का भवन बनाने की मांग की गई. अधिकारियों ने इस पर भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया.
पाकुड़ में शिष्टमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर जिला मुख्यालय आने वाले पुलिस पदाधिकारियों, शहीद या मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों और सेवानिवृत्त पुलिस पदाधिकारियों के आवासन की समस्या से अवगत कराया. उपायुक्त ने नगर थाना परिसर या किसी उपयुक्त स्थान पर आवासन के लिए भवन निर्माण का आश्वासन दिया.
दौरे के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने कई अन्य समस्याएं भी शिष्टमंडल के सामने रखीं. इनमें दो वर्ष से कम सेवा अवधि वाले पुलिस पदाधिकारियों का पैतृक या इच्छित जिले में स्थानांतरण, एक ही जिले या इकाई में 10 वर्ष से अधिक समय से तैनात पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण और पुलिस मुख्यालय में दिए गए आवेदनों के निपटारे के लिए शिकायत कोषांग की बैठक नियमित कराने की मांग शामिल है.
महासंघ ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी पुलिस मुख्यालय से अनुरोध किया जा चुका है. अब एक बार फिर इन मांगों के समाधान के लिए पुलिस मुख्यालय से आग्रह किया जाएगा.
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के अलावा महामंत्री संजीव कुमार, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष मो. महताब आलम, प्रदेश वरीय संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

