Search

 
 
 

झारखंड के शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की मांग, नगर विकास मंत्री ने केंद्र से मांगा सहयोग

झारखंड में शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कल पटना में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर
 

Ranchi: झारखंड में शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कल पटना में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर रांची समेत झारखंड के प्रमुख शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने के लिए सहयोग की मांग की है.


पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया है कि झारखंड में तेजी से शहरीकरण हो रहा है, लेकिन इसके अनुरूप शहरी बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का विकास नहीं हो पाया है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की वर्तमान परिवहन व्यवस्था बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को संभालने में असमर्थ साबित हो रही है.


शहरी स्थायित्व क्षमता को मजबूत करने की अपील


मंत्री ने केंद्र सरकार से झारखंड में शहरी स्थायित्व और टिकाऊ बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए विशेष सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि केंद्र का सहयोग प्राप्त हो, तो राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाएं अधिक प्रभावशाली और व्यापक रूप से लागू की जा सकेंगी.
मंत्री ने मेट्रो परियोजना को झारखंड के शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया. उन्होंने विशेष रूप से रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे प्रमुख शहरों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में मेट्रो नेटवर्क की अब प्राथमिक आवश्यकता बन चुकी है.


केंद्र सरकार के सहयोग से मिल सकते हैं रोजगार के नए अवसर


यह पत्र ऐसे समय में लिखा गया है, जब केंद्र सरकार अविकसित राज्यों की अधोसंरचना योजनाओं को गति देने पर कार्य कर रही है. यदि झारखंड सरकार की यह मांग स्वीकार की जाती है, तो राज्य में न केवल यातायात सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसरों का भी सृजन हो सकेगा. आशा की जा रही है कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे झारखंड के शहरी विकास को नई ऊंचाइयां मिल सकेंगी.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही