Garhwa News : जिले में डेंगू का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है. पिछले करीब 10 दिनों में डेंगू के लक्षण वाले कई मरीज सामने आए हैं. इनमें से दो मामलों में डेंगू की पुष्टि हुई है. वहीं, जिले के एक जाने-माने व्यवसायी की डेंगू से मौत होने की खबर से स्वास्थ्य विभाग में चिंता बढ़ गई है.
बताया जा रहा है कि मृतक व्यवसायी ने इलाज के लिए किसी सरकारी अस्पताल का रुख नहीं किया था. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई जांच के बाद उनकी मौत की वजह डेंगू बताई गई है. इस घटना के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़ें
समय पर इलाज मिलने से स्वस्थ हुआ दूसरा मरीज
डेंगू के एक अन्य संदिग्ध मरीज में भी बीमारी के लक्षण पाए गए थे. समय रहते इलाज मिलने के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुका है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में फिलहाल डेंगू के एक-दो छिटपुट मामले ही सामने आए हैं. इनमें मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई.
व्यवसायी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
व्यवसायी की मौत के बाद जिले का स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया है. सिविल सर्जन ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मृतक ने कभी सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था. उन्होंने लोगों से अपील की कि डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार लें.
सिविल सर्जन ने कहा कि इस मौसम में डेंगू हो रहा है. ऐसे में लोगों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. घर या आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है.
घर और आसपास पानी जमा न होने दें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपने घरों, छतों, नालियों और आसपास के इलाकों की नियमित सफाई करने की अपील की है। साथ ही पानी की टंकियों और ऐसे स्थानों को ढककर रखने की सलाह दी गई है, जहां पानी जमा हो सकता है. विभाग का कहना है कि जिले में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जरूरत पड़ने पर डेंगू की रोकथाम और जांच के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

