Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 37 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत एक दैनिक/कार्यभारित (वर्क-चार्ज) कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाया है. न्यायमूर्ति दीपक रोशन की कोर्ट ने विभाग के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें 1 जनवरी 1988 की कट-ऑफ डेट का हवाला देते हुए कर्मचारी को नियमित करने से मना कर दिया गया था. प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर में पक्ष रखा.
क्या है पूरा मामला
रांची के कांके रोड निवासी बाहा उरांव जून 1989 से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल) में 'कीमैन-कम-वाचमैन' के पद पर लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने अपनी सेवा नियमित करने और पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में. रिट याचिका दायर की थी. इससे पहले 11 जुलाई 2022 को विभाग ने यह कहते हुए उनका दावा खारिज कर दिया था कि केवल 01.01.1988 से पहले नियुक्त कार्यभारित कर्मचारियों को ही नियमित करने का प्रावधान है.
मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने विभाग के रुख पर कड़ा ऐतराज जताया और टिप्पणी की.अदालत ने पाया कि विभाग ने पूर्व में जिला स्थापना समिति के निर्णय के आधार पर उन अन्य कर्मचारियों को नियमित किया था, जिन्होंने पांच साल की सेवा पूरी कर ली थी और जो 1988 की कट-ऑफ तिथि के बाद नियुक्त हुए थे. ऐसे में केवल याचिकाकर्ता पर 1988 की कट-ऑफ तिथि थोपना मनमाना और संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है.
इसे भी पढ़ें -
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के जग्गो बनाम भारत संघ (2024) और विनोद बनाम भारत संघ (2024) के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि दशकों तक लगातार स्थायी प्रकृति का काम लेने के बाद तकनीकी या प्रक्रियागत कमियों के आधार पर नियमितीकरण से वंचित रखना 'व्यवस्थागत शोषण' (Systemic Exploitation) के समान है.
अदालत ने 11 जुलाई 2022 के विभागीय आदेश को रद्द करते हुए प्रतिवादियों (राज्य सरकार व पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) को निर्देश देते हुए कहा कि आदेश की प्रति प्राप्त होने के 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता की सेवा को स्वीकृत पद के विरुद्ध नियमित किया जाए.
नियमितीकरण के बाद याचिकाकर्ता को सेवा निरंतरता और समान रूप से नियमित हुए अन्य कर्मचारियों की तर्ज पर बकाया वेतन, सेवानिवृत्ति एवं पेंशन लाभ देने पर विचार किया जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

