Deoghar News : देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने रविवार को पथरोल थाना क्षेत्र के सिरसा गांव और पथरडडा ओपी क्षेत्र के पहाड़पुर मोड़ में छापेमारी कर 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 11 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन कुमार दास, ललन यादव, मुन्ना दास, निरंजन कुमार दास, विकास यादव, विशाल महरा और कमल किशोर दास शामिल हैं. प्रारंभिक जांच में इनके पास से बरामद मोबाइल और सिम कार्ड के साइबर ठगी में इस्तेमाल होने की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट और अमेजन का कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी और फोनपे का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. कैशबैक के नाम पर फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम करने के बहाने ठगी करते थे. वहीं एयरटेल पेमेंट बैंक का कार्ड बंद होने और दोबारा चालू कराने के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेते थे.
इस कार्रवाई के बाद कई अहम सवाल खड़े होते हैं. क्या इन आरोपियों के पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह काम कर रहा है. देशभर में ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड का नेटवर्क कहां तक फैला है? ठगी की रकम किन बैंक खातों या डिजिटल माध्यमों से खपाई जाती थी? और कितने लोग इनके शिकार बने?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

