Search

 
 
 

Deoghar News: देवघर में 4 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, एडवांस टिकट बुकिंग जारी

सावन का महीना शुरू होते देवघर आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा देने के लिए झारखंड सरकार ने देवघर और दुमका में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला किया है.
 

Deoghar: सावन का महीना शुरू होते देवघर आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा देने के लिए झारखंड सरकार ने देवघर और दुमका में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला किया है.


हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिया है. आदेश के अनुसार, यह सेवा 4 अगस्त से शुरू होगी और श्रद्धालु एडवांस टिकट बुक कर इसका लाभ उठा सकेंगे. हेलिकॉप्टर सेवा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 2850 रुपये से 4500 रुपये तक निर्धारित किया गया है. टिकट बुकिंग काउंटर और हेलीपैड की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी देवघर जिला प्रशासन को सौंपी गई है.

 

इसे भी पढ़ें:


एक उड़ान में एक पायलट के साथ अधिकतम पांच यात्री सफर कर सकेंगे. यह सेवा चार अलग-अलग श्रेणियों में संचालित की जाएगी ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें. हेलिकॉप्टर सेवा के संचालन की जिम्मेदारी मेसर्स एयरकैब एविशन प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है. हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि सेवा का औपचारिक उद्घाटन कौन करेगा. विभागीय स्तर पर मुख्यमंत्री से इस संबंध में संपर्क किया जा रहा है.

 

हेलिकॉप्टर सेवा के सफल संचालन के लिए कैप्टन अमितेष आनंद को देवघर में विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है. वे हेलीपैड, टिकट बुकिंग काउंटर, अस्थायी कार्यालय, प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. 


देवघर उपायुक्त को अस्थायी हेलीपैड तैयार कराने, नागर विमानन प्रभाग के साथ समन्वय स्थापित करने और विभागीय प्रतिनिधि के लिए वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. सरकार का मानना है कि इस नई सुविधा से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी. साथ ही श्रावणी मेला के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में भी यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही