Deoghar News : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (देवघर) ने जिले में होमगार्ड के नए नामांकन के लिए विज्ञापन जारी किया है. इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 772 पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं.
ग्रामीण और शहरी होमगार्ड के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा. नामांकन प्रक्रिया में उम्मीदवारों को शारीरिक जांच परीक्षा के साथ लिखित परीक्षा भी देनी होगी. विभाग ने योग्य और देश की सेवा के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन करने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें
ग्रामीण क्षेत्र में होमगार्ड के 635 पद
ग्रामीण गृह रक्षक के लिए जिले के 10 प्रखंडों में कुल 635 पद हैं. इनमें 318 पद पुरुषों और 317 पद महिलाओं के लिए हैं. प्रखंडवार पदों की बात करें तो सेनानायारायणडी में 104, मधुपुर ग्रामीण में 41, देवघर सदर में 64, मोहनपुर में 78, करौं में 65, पालोजोरी में 47, सारठ में 56, मरगोमुंडा में 98, सारवां में 51 और देवीपुर में 31 पद हैं.
शहरी क्षेत्र में 137 पद
शहरी गृह रक्षक के लिए कुल 137 पद हैं. इनमें देवघर शहरी क्षेत्र में 82 और मधुपुर शहरी क्षेत्र में 55 पद शामिल हैं. शहरी क्षेत्र के पदों में पुरुष और महिला के अलावा तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के पद भी शामिल हैं.
स्थायी सरकारी नौकरी नहीं है
विज्ञापन में साफ किया गया है कि गृह रक्षा वाहिनी एक स्वयंसेवी संगठन है और होमगार्ड इसके स्वयंसेवी सदस्य होते हैं. जरूरत के अनुसार, ड्यूटी पर लगाए जाने पर उन्हें सरकार द्वारा तय दर के हिसाब से कार्य दिवस का भत्ता दिया जाता है. यह स्थायी वेतन वाली सरकारी नौकरी नहीं है और इसे आजीविका का स्थायी साधन भी नहीं माना गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

