Search

 
 
 

देवघर: बाबाधाम मंदिर की दानपेटी में मिला पाकिस्तानी नोट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर की दानपेटी से पाकिस्तानी नोट मिलने पर पूरे मंदिर परिसर और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई. नियमित प्रक्रिया के तहत जब कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी में दानपेटियों को खोला गया, तो भारतीय मुद्रा के साथ-साथ विदेशी करेंसी भी मिली.
 

Deogarh: देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर की दानपेटी से पाकिस्तानी नोट मिलने पर पूरे मंदिर परिसर और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई. नियमित प्रक्रिया के तहत जब कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी में दानपेटियों को खोला गया, तो भारतीय मुद्रा के साथ-साथ विदेशी करेंसी भी मिली. इसी दौरान कर्मचारियों के हाथ 100 रुपये का एक पाकिस्तानी नोट लगा, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए.

 

मंदिर प्रशासन ने इस असामान्य बरामदगी की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग को दी. बताया जा रहा है कि मंदिर की दानपेटियों में पहले भी विदेशी मुद्रा मिलती रही है, लेकिन पाकिस्तानी नोट का मिलना बेहद दुर्लभ और संदेह पैदा करने वाला मामला माना जा रहा है.

 

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. पिछली बार दानपेटी कब खोली गई थी, उस अवधि के सभी सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस दौरान कोई विदेशी या संदिग्ध व्यक्ति देवघर आया था या नहीं. होटल, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी जांच की जा सकती है.

 

हालांकि, अधिकारियों का यह भी मानना है कि संभव है किसी व्यक्ति के पास पुराना पाकिस्तानी नोट रहा हो और उसने अनजाने में या दान के रूप में डाल दिया हो. बावजूद इसके, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं.

 

एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और निगरानी कड़ी कर दी गई है. मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. फिलहाल, बरामद नोट को जब्त कर जांच की जा रही है और पूरे मामले पर एजेंसियों की नजर बनी हुई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही