Search

 
 
 

देहरादून में बादल फटने से तबाही : सहस्त्रधारा में कई दुकानें बहीं, कई लापता, सीएम धामी ने जताया दुख

देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में सोमवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई है. इस प्राकृतिक आपदा से नदी का जलस्तर बढ़ गया है और यहां नदी किनारे की कई दुकानें बह गई हैं. कई लोग लापता भी हो गए हैं, जिसकी तलाश के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है.
 

Lagatar Desk :  देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में सोमवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई है. इस प्राकृतिक आपदा से कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और यहां नदी किनारे की कई दुकानें बह गई हैं. कई लोग लापता भी हो गए हैं, जिसकी तलाश के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है.  

 

 

जिलाधिकारी ने खुद संभाली कमान

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं राहत कार्यों की कमान संभाली. रात में ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर SDRF, NDRF और लोक निर्माण विभाग की टीमों को मौके पर रवाना किया गया. JCB और अन्य भारी उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. घटनास्थल के आसपास के लोगों को प्रशासन ने रात में ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया. 

 

 

भारी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा

देहरादून में भारी बारिश के चलते तमसा नदी उफान पर है. टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में करीब 1-2 फीट तक मलबा भर गया है और मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं, ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और पानी हाईवे तक जा पहुंचा है.

 

SDRF की टीम ने नदी में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. IT पार्क क्षेत्र में भारी बारिश के चलते सड़कें नदी में तब्दील हो गईं, जहां कई गाड़ियां पानी में बह गई हैं. जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी है. 

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा में अतिवृष्टि से हुई क्षति की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है. प्रशासन, SDRF और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं. मैं लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी की कुशलता की प्रार्थना करता हूं. 

 

 

स्कूलों में अवकाश, सड़कें जलमग्न

जिलाधिकारी के आदेश पर देहरादून के सभी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) में आज अवकाश घोषित किया गया है. स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है, लेकिन प्रशासन मुस्तैद है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है. लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही