Search

 
 
 

धनबादः राजगंज में हथियारों के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हथियारों के साथ चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी धनबाद के ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार को दी.
 

Dhanbad : धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश नाकाम कर दी है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हथियारों के साथ चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी धनबाद के ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार को प्रेसवार्ता में दी.


उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी राजगंज थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राजगंज व तेतुलमारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने शुक्रवार की रात राजगंज-तेतुलमारी मुख्य सड़क पर सोनदाहा बस्ती के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे दो बाइक पर सवार चार युवक तेतुलमारी की ओर से आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे वाहन मोड़कर सोनदाहा बस्ती की ओर तेज गति से भागने लगे. पुलिस ने उनका पीछा किया. भागने के दौरान दोनों बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ीं. पुलिस ने चारों युवकों को दबोच लिया. 


तलाशी में युवकों के पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की पांच जिंदा गोलियां, चार मोबाइल फोन व दो बाइक बरामद की गईं. ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने 10 जनवरी को तेतुलमारी के तिलाटांड़ गांव के पास किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर फायरिंग कर लूटपाट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.


गिरफ्तार अरोपियों में रिंकू मंडल उर्फ टुनटुन मंडल, रवि महतो उर्फ बिल्लू, समशुल अंसारी उर्फ चांद व गौतम धीवर उर्फ बाबा शामिल हैं. ग्रामीण एसपी ने बताया कि इनमें से कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही