- समाहरणालय में गूंजा प्रस्तावना का पाठ
Dhnabad : संविधान दिवस पर समाहरणालय में संविधान के मूल आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया. उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों और समाहरणालय के कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया.
इस दौरान संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल भावों को जीवन और कार्यशैली में अपनाने पर जोर दिया गया. उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान सभा के सदस्यों ने जिस दूरदर्शी सोच और परिकल्पना के साथ संविधान का निर्माण किया, उसके मूल मंत्र को समझना और व्यवहार में उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है.
इसे भी पढ़ें
कालीदास मुंडा ने कहा कि संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं. संविधान की प्रस्तावना का बार-बार पाठ करने से उसके आदर्शों और उद्देश्यों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है. जरूरत है कि हम केवल संविधान के मूल्यों को पढ़ें ही नहीं बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और रोजमर्रा की दिनचर्या में भी शामिल करें.
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी से अपने मौलिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और संविधान के आदर्शों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेने की अपील की. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रधान सहायक सहित समाहरणालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

