- 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए
Dhanbad : धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. अप्राथमिकी अभियुक्त जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री (48 वर्षीय) की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से हुई है. जयनिवास पांडेय पर फर्जी डीड के आधार पर करीब 15 करोड़ रुपये अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है. उनकी पत्नी के नाम पर भी करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है.
जयनिवास पांडेय को गुरुवार को धनबाद की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इससे पहले 6 नवंबर को इसी मामले में नरसिंह दास (85 वर्षीय) को गिरफ्तारी किया गया था. इस मामले में तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी (डीएलओ) समेत अब तक 17 आरोपी जेल जा चुके हैं.
बिहार का रहने वाला है आरोपी
एसीबी के अधिकारियों के अनुसार,जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री मूल रूप से अरवल (बिहार) का रहने वाला है. वर्तमान में वह धनबाद के हीरापुर स्थित मिस्रीपाड़ा, लिंडसे क्लब रोड के अम्बे बेला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 505 में रहता था. उसे 25 नवंबर 2026 को वाराणसी, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था.
इससे जुड़ी एक अन्य खबर पढ़ें....
https://lagatar.in/100-crore-ring-road-compensation-scam-in-dhanbad-acb-arrests-prime-accused-narsingh-das-from-arwal-bihar?shem=aimgspe,i3ppal,
2016 में दर्ज हुआ था मामला
वर्ष 2016 में सामने आया यह मामला रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण और मुआवजे की राशि में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़ा है. आरोप है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने से मुआवजे की रकम निकालने का खेल किया गया. इस मामले में एसीबी ने थाना में कांड संख्या 32/16 दर्ज किया गया.
6.32 करोड़ के मुआवजे से भी जुड़ा है मामला
जांच में धनबाद के मौजा संख्या-51, खाता संख्या-121 और प्लॉट संख्या-1630 की जमीन से संबंधित कथित दस्तावेजी फर्जीवाड़े का मामला भी सामने आया है. निगरानी विभाग के अनुसार, प्राथमिकी अभियुक्त नरसिंह दास (85) ने 21 अक्टूबर 1970 की डीड संख्या-25560 के आधार पर जमीन पर अपना दावा किया था.
आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 6,32,13,585.99 रुपये यानी करीब 6.32 करोड़ रुपये का मुआवजा हासिल किया गया. जिला अवर निबंधक कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक मूल डीड बंगला लिपि में हराधन महतो और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थी जबकि कथित तौर पर इसे अंग्रेजी में तैयार कर मुआवजा लेने के लिए इस्तेमाल किया गया.
बड़े भाई और अन्य आरोपियों से भी जुड़े तार
जांच एजेंसी के अनुसार , जयनिवास पांडेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और उनके गांव के रहने वाले नरसिंह दास की भूमिका भी इस घोटाले में सामने आई है. दोनों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी मुआवजे की करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त करने का आरोप है. एजेंसी का दावा है कि जय निवास पांडेय की भूमिका को लेकर भी पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं.
कोर्ट से जेल जाते हुए बोले- साजिश के तहत फंसाया गया
गिरफ्तारी के बाद जयनिवास पांडेय ने खुद को निर्दोष बताते हुए मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि उन्हें बेवजह और एक साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है. उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है और वे न्याय पाने के लिए निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा और निराधार बताया. उनका कहना था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है.
शिकायतकर्ता पर भी लगाए आरोप
इस मामले में आरोपी की ओर से शिकायतकर्ता भाजपा नेता रमेश राही पर भी उन्हें फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है. वहीं आरोपी के अधिवक्ता ने भी अपना पक्ष रखा. हालांकि घोटाले में आरोपी की भूमिका और कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर एसीबी की जांच जारी है.

