Search

 
 
 

Dhanbad : केसलपुर में बमबाजी, दो घायल, ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध को पकड़ पुलिस को सौंपा

Dhanbad News : स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार की शाम केसलपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप हथियारों से लैस दर्जनों लोग रोहित मोदक की पिटाई कर रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर रोहित के दोस्त और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख आरोपियों ने कथित तौर पर बमबाजी शुरू कर दी और मौके से भागने लगे.
 
बमबाजी

Dhanbad News : जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र स्थित केसलपुर में गुरुवार की शाम मारपीट के बाद बमबाजी की घटना से इलाके में तनाव फैल गया. बमबाजी में रोहित मोदक और राम महतो घायल हो गए हैं. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन कथित हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

 

वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण रामकनाली ओपी पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. घटनास्थल से बम के अवशेष मिलने की बात भी सामने आई है. घटना के दौरान एक राउंड फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

 

इसे भी पढ़ें

हथियारों से लैस लोगों पर मारपीट-बमबाजी का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार की शाम केसलपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप हथियारों से लैस दर्जनों लोग रोहित मोदक की पिटाई कर रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर रोहित के दोस्त और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख आरोपियों ने कथित तौर पर बमबाजी शुरू कर दी और मौके से भागने लगे.

 

इस दौरान बम की चपेट में आने से रोहित मोदक और राम महतो घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इस बीच ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध हमलावरों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

 

अवैध कोयला कारोबार के विरोध से जुड़ा है विवाद

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन व तस्करी का विरोध करने और इसे रोकने की कोशिश के कारण रोहित मोदक के साथ मारपीट की गई और बाद में बमबाजी की गई. घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. बड़ी संख्या में लोग रामकनाली ओपी पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की. 

 

फायरिंग की चर्चा, पुलिस जुटी जांच में

घटना के दौरान एक राउंड फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है. लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटनास्थल पर बम के अवशेष मिलने की बात सामने आने के बाद पुलिस बमबाजी की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

 

देर रात तक ग्रामीणों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं थी. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद केसलपुर और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही