- रीता यादव शिकायत करने थाना पहुंचीं, कई नेता भी पहुंचे
Dhanbad : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुवार को धनबाद में भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा उस वक्त विवादों में आ गई, जब यात्रा शुरू होने से पहले ही पार्टी के दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए.
जिला परिषद मैदान से यात्रा के निकलने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं.

किसी बात को लेकर भिड़े अमरजीत-रीता
बताया गया कि भाजपा की तिरंगा यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर तक निकाली गई. यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय कर रहे थे. यात्रा शुरू होने के दौरान ही अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी और मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है.
हालांकि मौके पर मौजूद अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया .इसके बाद मामला शांत कराया गया और तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ी. जिला परिषद मैदान से निकली यात्रा रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर पहुंची.

शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचीं रीता यादव
घटना के बाद रीता यादव लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए धनबाद थाना पहुंचीं. उनके थाना पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी धनबाद थाना पहुंच गए. इससे थाने में कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा.

जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह-जिलाध्यक्ष
घटना को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी छोटी-मोटी कहासुनी या ऊंच-नीच हो जाती है. दोनों पक्षों को समझा दिया गया है. विवाद किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
तिरंगा यात्रा जैसे पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट की घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है. एक ओर घटना का वीडियो सामने आया है. वहीं दूसरी ओर शिकायत को लेकर मामला थाने तक पहुंच गया है. ऐसे में अब सबकी नजर पुलिस की जांच और पार्टी स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

